राष्ट्रीय
04-Jun-2026
...


-पूरे मार्ग को किया नो-फ्लाइंग जोन घोषित, सुरक्षा कारणों से श्राइन बोर्ड का फैसला -श्रद्धालुओं को पैदल, पालकी और घोड़े के सहारे करनी होगी यात्रा श्रीनगर,(ईएमएस)। आगामी श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, यात्रा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी पूरे यात्रा मार्ग को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इसके चलते यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं होगी। श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2026 से यात्रा समाप्त होने तक पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों सहित यात्रा से जुड़े सभी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। यह फैसला सुरक्षा एजेंसियों की सलाह और यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए लिया गया है। हेलीकॉप्टर सेवा बंद रहने से श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा तक पहुंचने के लिए पारंपरिक साधनों का सहारा लेना होगा। यात्री पैदल यात्रा कर सकेंगे, वहीं पालकी और घोड़े जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। सुरक्षा के लिहाज से यात्रा मार्ग पर विशेष इंतजाम किए जाते हैं और केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर प्रशासन मिलकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हैं। श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सलाहों को ध्यान में रखने की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि नो-फ्लाइंग जोन का निर्णय यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने में मददगार साबित होगा। हिदायत/ईएमएस 04जून26