क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


मुंगेली (ईएमएस)। जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कमियां सामने आने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है और निर्धारित समय सीमा में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर भी कई सुधार संबंधी बिंदु सामने आए। जांच में पाया गया कि अस्पताल में आयुष्मान योजना से संबंधित सूचना पट्टों का सही तरीके से प्रदर्शन नहीं किया गया था। इसके अलावा निर्धारित बेडों के चिन्हांकन, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और अस्पताल संचालन के मानकों में भी कमियां पाई गईं। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने स्पष्ट कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि योजना के नियमों का पालन न करना या मरीजों के अधिकारों से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रशांत ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग ने संकेत दिए हैं कि सुधार नहीं होने की स्थिति में आगे और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। - (ईएमएस) 04 जून 2026