क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


- धनबाद में दिलशाद हत्याकांड का खुलासा - पुलिस की गिरफ्त में आई साजिशकर्ता कोमल - फरार मंगेतर की तलाश तेज धनबाद (ईएमएस)। झरिया के भौरा ओपी क्षेत्र में 31 मई को दामोदर नदी के किनारे मिले 24 वर्षीय युवक दिलशाद के अंधे कत्ल की गुत्थी को धनबाद पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका मंगेतर फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह युवती की शादी दूसरी जगह तय होने के बाद प्रेमी द्वारा उसे लगातार परेशान करना था। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि झरिया के कोईरी बांध निवासी आरोपी कोमल वर्णवाल (21) और दिलशाद के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसी बीच कोमल के परिजनों ने उसकी शादी रोशन कुमार नामक युवक से तय कर दी। शादी तय होने के बाद भी दिलशाद लगातार कोमल पर मिलने का दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था। दिलशाद की इस हरकत से तंग आकर कोमल और उसके होने वाले पति रोशन ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। साजिश के तहत कोमल ने फोन कर दिलशाद को भौरा ओपी क्षेत्र के श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही दिलशाद वहां पहुंचा, कोमल और रोशन ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने शव को नदी किनारे एक शेड में छिपा दिया और भाग निकले। इस अंधे हत्याकांड की जांच के लिए सिंदरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छानबीन करते हुए मुख्य आरोपी कोमल वर्णवाल को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी कोमल की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। पुलिस फरार आरोपी मंगेतर रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। - ईएमएस 04 जून 2026