कांकेर (ईएमएस)। जिले में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्चिंग अभियान के दौरान छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के हिदूर जंगल और पहाड़ी इलाके से सुरक्षा बलों को तीन टिफिन बम बरामद हुए हैं। ये विस्फोटक नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए थे। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस, सीमा सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पहाड़ी इलाके में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई देने पर पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। जांच में तीन टिफिन बम मिलने की पुष्टि हुई, जिनका वजन लगभग तीन-तीन किलो बताया जा रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, मार्च के बाद से जिले में नक्सली गतिविधियों में कमी देखी गई है, लेकिन जंगलों में पहले से छिपाए गए विस्फोटक और हथियार अब भी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए हैं। कई स्थानों पर ऐसे विस्फोटक सामग्री मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस यह भी मान रही है कि पूरे जंगल क्षेत्र में अभी और भी विस्फोटक सामग्री छिपी हो सकती है, जिसके लिए सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों से भी मदद ली जा रही है, ताकि पुराने ठिकानों और छिपे हुए हथियारों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में भी कांकेर जिले में कई स्थानों से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इनमें बीजीएल सेल, रायफल, लांचर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल रही है। लगातार हो रही बरामदगी से यह स्पष्ट है कि सुरक्षा बल इलाके में नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सक्रिय रूप से अभियान चला रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है और पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। - ईएमएस / 04 जून 2026