- एक क्रू मेंबर की मौत, 3 घायल अस्पताल में भर्ती - एस. जे. सूर्या की फिल्म किलर के सेट पर हुआ हादसा चेन्नई (ईएमएस)। तमिल अभिनेता एस. जे. सूर्या की आगामी फिल्म किलर की शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। चेन्नई के पेरम्बूर स्थित ऐतिहासिक बिन्नी मिल्स परिसर में फिल्म के सेट पर कार्बन डाइऑक्साइड सिलेंडर में हुए एक भीषण विस्फोट में 25 वर्षीय फिल्म क्रू कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे उस समय हुआ, जब एक एक्शन (फाइट) सीन के लिए स्पेशल इफेक्ट्स तैयार किए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, धमाके का सीन क्रिएट करने के लिए गैस सिलेंडरों के बीच प्रेशर ट्रांसफर किया जा रहा था, तभी अचानक अत्यधिक दबाव (हाई प्रेशर) बनने के कारण यह विस्फोट हो गया। हालांकि, इस दुर्घटना में सेट पर आग नहीं लगी। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मदुरावॉयल के एरिकराई इलाके के रहने वाले मदन (25) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि विस्फोट के वक्त मदन सिलेंडर के बेहद करीब खड़ा था। धमाके के जोरदार झटके से वह पास में पड़े लोहे के मलबे पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना में तीन अन्य सहकर्मी—डी. दिनाकरन (24), पी. सूर्या (23) और एस. सख्तिवेल (27) भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सेट पर लापरवाही बरतने के आरोप में प्रोडक्शन मैनेजर राम (48) और स्पेशल इफेक्ट्स मैनेजर अरुमुगम (37) को गिरफ्तार कर लिया, हालांकि बाद में उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत पर रिहा कर दिया गया। इधर, मृतक मदन के परिवार ने फिल्म सेट पर क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि क्या शूटिंग के दौरान खतरनाक स्टंट या स्पेशल इफेक्ट्स के इस्तेमाल के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण और गाइडलाइंस का पालन किया गया था या नहीं। रामयश / ईएमएस 04 जून 2026