क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान में हुई लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक सराफा कारोबारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के गहने, 10 ग्राम का सोने का बिस्किट और वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे 13 मई को परिवार सहित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात समेत नगदी चोरी कर फरार हो गए। 17 मई को परिवार के लौटने पर घटना का पता चला, जिसके बाद भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घर का ताला और आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात व नगदी चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने जेवर आपस में बांट लिए, जबकि नगदी खर्च कर दी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया सोने का गुलबंद हार रायपुर के एक सराफा कारोबारी को दिया गया था। कारोबारी ने हार को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट तैयार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने बिस्किट बरामद कर सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी के अन्य सामानों की भी पड़ताल की जा रही है। - (ईएमएस) 04 जून 2026