क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


बलरामपुर (ईएमएस)। जिले में वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर वन भूमि पर बने 34 अवैध मकानों को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में लंबे समय से वन भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा, लेकिन प्रशासन ने पूरे अभियान को सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न कराया। प्रशासन का कहना है कि वन भूमि और शासकीय जमीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वन एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 04 जून 2026