- 16 लाख का नुकसान होशियारपुर, (ईएमएस)। पंजाब के होशियारपुर जिले के हाजीपुर क्षेत्र के निकट स्थित बेला सरियाना गांव में गुरुवार को एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा रसोई गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे दुकान मालिक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में पूरी दुकान जलकर राख हो गई और लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक चनन सिंह आग लगने के बाद उसे बुझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे वे झुलस गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत हाजीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि आग की शुरुआत बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके से दुकान की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। परिजनों का कहना है कि आग में दुकान में रखा करीब 16 लाख रुपये मूल्य का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा दुकान में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नकदी भी जलकर खाक हो गई। उन्होंने बताया कि यह किराना दुकान परिवार की आय का मुख्य स्रोत थी और इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को भी खतरा हो सकता था। हाजीपुर थाना प्रभारी अमरजीत कौर ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।