-खराब मौसम ने रोका रास्ता देहरादून (ईएमएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड के अल्मोड़ा में अपनी निर्धारित यात्रा पूरी नहीं कर सके। खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर बीच रास्ते में ही फंस गया, इसके बाद उन्हें पंतनगर हवाई अड्डे पर लौटना पड़ा। हालांकि, राहुल गांधी ने हार नहीं मानी और एक फोन कॉल के माध्यम से परिवर्तन का शंखनाद वाली जनसभा को संबोधित किया। इसके पहले अपने एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने उत्तराखंड के अपने प्यारे भाइयों और बहनों से न मिल पाने पर गहरा खेद व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वे लोगों के बीच बैठकर उनकी बातें सुनना, उनके सुख-दुख, आशाओं और चिंताओं को समझना चाहते थे, लेकिन मौसम की गंभीर खराबी ने इस बात को असंभव बना दिया। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे सुबह पंतनगर पहुंच गए थे, लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों को देखकर पायलट ने अल्मोड़ा के लिए उड़ान भरने से साफ इंकार किया। कांग्रेस नेता ने राज्य की वर्तमान स्थिति, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों, राज्य के भविष्य और उन चुनौतियों पर चर्चा करने की अपनी इच्छा व्यक्त की जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ एक महत्वपूर्ण मुलाकात और कोटद्वार में दीपक के जिम जाने के निर्धारित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। राहुल गांधी ने सुरक्षा को सर्वोपरि बताकर कहा कि प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर आयोजित जनसभा में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई वरिष्ठ राज्य नेताओं ने भाग लिया। आशीष दुबे / 04 जून 2026