पटना, (ईएमएस)। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने मुजफ्फरपुर के निजी प्रसाद अस्पताल में हुई अग्निकांड की दुखद घटना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आग लगने से कई मरीजों की मौत और झुलसने की घटना के बाद भी स्वास्थ्य मंत्री का मुजफ्फरपुर नहीं जाकर दिल्ली चले जाना सरकार की संवेदनहीनता और गंभीरता की कमी को दर्शाता है। एजाज अहमद ने कहा कि इस हृदय विदारक हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना देना और हालात का जायजा लेना स्वास्थ्य मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी थी। लेकिन उनका मुजफ्फरपुर न जाकर दिल्ली जाना यह संकेत देता है कि सरकार में बैठे लोगों की मानवीय संवेदनाएं समाप्त होती जा रही हैं। राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग जनता के दुख-दर्द में साथ खड़े होने के बजाय केवल सत्ता का लाभ उठाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आम लोगों की समस्याओं और पीड़ा के प्रति सरकार का रवैया कितना उदासीन है। उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के नेताओं से जवाब मांगते हुए कहा कि क्या सरकार में बैठे लोगों को पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति और हमदर्दी दिखाने की भी जरूरत महसूस नहीं होती। उनका कहना था कि कई लोगों की मौत और घायल होने जैसी गंभीर घटना के बावजूद स्वास्थ्य मंत्री का पीड़ितों से मिलने नहीं जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एजाज अहमद ने कहा कि ऐसे कठिन समय में स्वास्थ्य मंत्री के कुछ सांत्वना भरे शब्द भी पीड़ित परिवारों को मानसिक सहारा दे सकते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी थी कि स्वास्थ्य मंत्री मुजफ्फरपुर जाने के बजाय दिल्ली रवाना हो गए, जबकि उस समय उनका घटनास्थल पर मौजूद रहना अधिक आवश्यक था। राजद ने इस पूरे मामले को सरकार की मानवीय संवेदनाओं और जवाबदेही की कसौटी बताते हुए कहा कि जनता इस रवैये का जवाब अवश्य देगी। संतोष झा- ०४ जून/२०२६/ईएमएस