हाथरस (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम पार्टी) ने भी प्रदेशभर में संगठन विस्तार अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा विभिन्न जनपदों में संगठन को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने प्रदेश के अनेक जिलों में जिला इकाइयों का गठन करते हुए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इसी क्रम में जनपद हाथरस के लिए कस्बा सासनी निवासी विजय कुमार शर्मा उर्फ बैजू पंडित को राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम पार्टी) का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बैजू पंडित ने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी एक सप्ताह के भीतर जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान की जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने उनसे संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपेक्षा जताई है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 04 जून 2026