हाथरस (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने स्थित तालाब ओवरब्रिज के नीचे किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से कई अस्थायी एवं स्थायी अवैध निर्माणों को हटाया गया। पालिका की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के दौरान फ्लाईओवर के नीचे संचालित हो रहे अस्थायी होटल, खोखे, ठेले एवं अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। कुछ स्थानों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखने को मिली, जबकि अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटते नजर आए।पालिका प्रशासन का कहना है कि अलीगढ़-आगरा रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे अवैध अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया।अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम, जिसमें प्रभारी नजूल निरीक्षक यशुराज शर्मा, कर संग्रहक अमित कुमार, परिसेवक दिनेश गुप्ता, पौंड मुहर्रिर सोनू शर्मा, ललित ठाकुर सहित निर्माण एवं स्वास्थ्य/सफाई अनुभाग के कर्मचारी शामिल रहे, ने जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी इसी स्थान पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन समय के साथ दोबारा अवैध खोखे और निर्माण कर लिए गए थे। इसी कारण पुनः कार्रवाई की गई है।अधिशासी अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। जिन लोगों ने सरकारी भूमि, सड़क अथवा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं उसे हटा लें, अन्यथा पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 04 जून 2026