:: महू के ड्रीमलैंड चौराहे के पास 1700 मिमी की लाइन फूटी; युद्धस्तर पर सुधार कार्य जारी, निगम ने की पानी सहेजने की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। महू स्थित ड्रीमलैंड चौराहे के पास गुरुवार सुबह नर्मदा तृतीय चरण की 1700 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन में अचानक बड़ा लीकेज हो गया। पाइपलाइन फूटने के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। घटना की जानकारी मिलते ही जल प्रदाय से जुड़े सभी पंपों को तत्काल बंद कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने जल कार्य विभाग के अमले के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। मुख्य लाइन में आई इस तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार 4 जून की शाम और शुक्रवार 5 जून की सुबह शहर की दर्जनों जलप्रदाय टंकियों से होने वाली मुख्य सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रहेगी। जल कार्य एवं सीवेज विभाग के एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा और अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक ने भी तकनीकी अमले के साथ सुधार कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे उपलब्ध जल का बेहद सीमित और आवश्यकतानुसार ही उपयोग करें तथा इस आकस्मिक असुविधा के दौरान निगम प्रशासन का सहयोग बनाए रखें। :: यह क्षेत्र रहेंगे मुख्य रूप से प्रभावित :: पाइपलाइन में लीकेज के कारण शहर के चंदन नगर, अंबिकापुरी, नगीन नगर, हवा बंगला, एमआईजी, भंवरकुआ, बिलावली, खजराना, तुकोगंज, नंदा नगर, सुखलिया, महालक्ष्मी, सिलिकॉन सिटी, लसूड़िया, स्कीम नंबर 78, 94, 113, 114 और 136 सहित इंदौर के कई बड़े और घने रिहायशी इलाके प्रभावित रहेंगे, जहां शुक्रवार सुबह पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। प्रकाश/04 जून 2026