राज्य
04-Jun-2026


कर्मचारी गंभीर रूप से घायल जबलपुर (ईएमएस)। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के फीलिंग सेक्शन में गुरुवार को कार्य के दौरान हुए एक हादसे में डेटोनेटर फटने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी की पहचान प्रथमेश ठाकुर के रूप में हुई है, जिसे तत्काल उपचार के लिए ओएफके अस्पताल ले जाया गया। यहां प्रारंभिक इलाज के बाद उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया. कर्मचारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में फिलिंग अनुभाग में प्रथमेश ठाकुर नामक कर्मचारी घायल हो गया. प्रथमेश फीलिंग अनुभाग में डेटोनेटर में विस्फोटक सामग्री भरने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक डेटोनेटर में विस्फोट हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास कार्यरत कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी मौके पर पहुंच गए। अस्पताल पहुंचे अधिकारी …‎‎ घटना की सूचना मिलते ही फैक्टरी प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। घायल कर्मचारी को पहले ओएफके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए फीलिंग सेक्शन का काम भी प्रभावित रहा। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से घायल कर्मचारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। सुनील साहू / शहबाज / 04 जून 2026/ 07.09