:: खामनी और टेम्भी में फसल नुकसान का लिया जायजा; चार दिन में पारदर्शी सर्वे पूरा कर आरबीसी 6-4 के तहत राहत देने के निर्देश :: बुरहानपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का दुख-दर्द बांटने गुरुवार को बुरहानपुर जिले के ग्राम खामनी, टेम्भी और दर्यापुर रै. पहुंचे। उन्होंने आपदा से हुए फसल नुकसान का खेतों में जाकर जायजा लिया और प्रभावित अन्नदाताओं से सीधा संवाद किया। टेम्भी में कृषक मधुकर (पिता विश्वनाथ) के खेत में केला फसल की बर्बादी देख प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुरहानपुर की पहचान केला उत्पादन से है और यह एक जिला-एक उत्पाद में शामिल है, इसलिए राहत वितरण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार संकट की इस घड़ी में हर किसान के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। प्रभारी मंत्री सिलावट ने खामनी और दर्यापुर रै. में आयोजित किसान चौपालों में अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि फसल क्षति का सर्वे किसानों की मौजूदगी में पूरी निष्पक्षता से किया जाए। न कोई गांव छूटे, न कोई किसान के संकल्प के साथ तहसीलदार और पटवारी चार दिन के भीतर खेतों में पहुंचकर वास्तविक नुकसान का आकलन करें। उन्होंने बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को निर्देशित किया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत समयबद्ध तरीके से राहत के प्रकरण तैयार किए जाएं। हाल ही में आई इस आपदा से जिले के लगभग 169 गांवों के 4,000 से अधिक किसान प्रभावित हुए हैं, जिनका अनुमानित फसल रकबा 5,473.38 हेक्टेयर है। प्रभारी मंत्री ने किसानों को भरोसा दिया कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा कर अधिकतम सहायता दिलवाएंगे और किसी भी समस्या के लिए किसान सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। किसान संवाद के दौरान बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने सुझाव दिया कि सर्वे रिपोर्ट को पारदर्शिता के लिए ग्राम पंचायतों में चस्पा किया जाए ताकि आपत्तियों का निराकरण हो सके। वहीं, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने अपने क्षेत्र में हुए नुकसान की जानकारी दी। इस दौरे की खास बात यह रही कि प्रभारी मंत्री सिलावट ने वीआईपी संस्कृति छोड़ मिनी बस (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) से सफर कर मितव्ययता और जनसरोकार का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज माने, पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर, एसपी आशुतोष बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/04 जून 2026