राज्य
04-Jun-2026
...


:: इंदौर और भोपाल मेट्रो रेल परियोजनाओं के दो तिहाई कार्य हुए पूरे; सीएम ने कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में भोपाल और इंदौर में मेट्रो रेल संचालन के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण होने के बाद परियोजना के आगामी चरणों के कार्य हर हाल में समय-सीमा में पूरे किए जाएं। सघन आबादी के क्षेत्रों और कामकाजी नागरिकों की सुगम आवाजाही के लिए मेट्रो रेल व्यवस्था एक वरदान साबित हो रही है। प्रदेश की राजधानी भोपाल और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र इंदौर में मेट्रो रेल यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए अब पर्यटन विभाग का भी आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाए। दोनों नगरों की मेट्रो रेल परियोजना के सभी चरणों के संपूर्ण कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और समग्र प्रगति की दृष्टि से दोनों परियोजनाओं के दो तिहाई कार्य अब तक पूर्ण हो चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में भोपाल और इंदौर के मेट्रो रेल प्रोजेक्ट कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा कर ये आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। :: विद्यार्थियों की अध्ययन यात्रा से जुड़ेगी मेट्रो :: समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर और भोपाल अब मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र भी बन रहे हैं। प्रमुख धार्मिक केंद्रों, पर्यटन स्थलों, पुरातात्विक धरोहर स्थलों और टाइगर रिजर्व व अभयारण्यों की सैर के लिए विद्यार्थियों सहित अन्य नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध होने से मेट्रो रेल का उपयोग तेजी से बढ़ेगा। इन प्रयासों में पर्यटन विभाग सहित मध्यप्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जिससे छात्र-छात्राएं अध्ययन यात्राओं के जरिए मेट्रो से जुड़ सकेंगे। बैठक में नगरों में भविष्य में क्रियान्वित किए जाने वाले फ्लाई ओवर निर्माण, मेट्रो रेल और सड़क निर्माण के आगामी कार्यों के संबंध में भी विस्तार से विमर्श हुआ। :: भोपाल एवं इंदौर मेट्रो की प्रगति :: बैठक में दोनों शहरों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के फेज़-1 में सुभाष नगर से एम्स तक दिसंबर 2025 से सफलतापूर्वक संचालन हो रहा है, जहां 7.1 किलोमीटर क्षेत्र में 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इसके फेज़-2 में सुभाष नगर से करोंद चौराहा तक 9.64 किलोमीटर सेक्शन में कार्य चल रहा है, जो जून 2028 तक पूर्ण होना प्रस्तावित है। इस सेक्शन में 6 एलिवेटेड और दो भूमिगत स्टेशन होंगे। इसी तरह फेज़-3 में भदभदा चौराहा से रत्नागिरी चौराहे तक 14.16 किलोमीटर लंबे सेक्शन में 13 एलिवेटेड स्टेशनों का कार्य आगामी 2 वर्षों में पूर्ण होगा। दूसरी ओर, इंदौर मेट्रो रेल परियोजना में फेज-1 के रीच वन (गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर 3 तक) के 5.26 किलोमीटर सेक्शन का शुभारंभ मई 2025 में ही हो चुका है। इसके बाद रीच-2 में सुपर कॉरिडोर 3 से मालवीय नगर चौराहे तक 11.43 किलोमीटर के सेक्शन के कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुके हैं। फेज-2 के अंतर्गत रीच-1 में शहीद बगीचा से खजराना चौराहा तक 1.77 किलोमीटर और रीच-2 के एयरपोर्ट से गांधी नगर तक 1.5 किलोमीटर सेक्शन के कार्य जून 2028 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। इसके बाद फेज-3 में खजराना चौराहा से एयरपोर्ट के बीच 11.59 किलोमीटर लंबाई के सेक्शन के निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी। प्रकाश/04 जून 2026