:: विश्व पर्यावरण दिवस पर भोपाल में होगा राज्य स्तरीय समारोह; 11 पर्यावरण पुरस्कार दिए जाएंगे, रोपे गए पौधों की होगी जियो-टैगिंग :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान का सुबह 11 बजे भव्य शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र की थीम ‘इंस्पायर्ड बाय नेचर, फॉर क्लाइमेट एंड फॉर अवर फ्यूचर’ और देशव्यापी संदेश ‘नॉउ फॉर क्लाइमेट’ पर केंद्रित रहेगा। गरिमामय कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों को 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार (वर्ष 2024-25) प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव समारोह में सर्कुलर इकॉनॉमी से संबंधित 5 कोर्स मॉड्यूल्स और जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 16 जिलों की 500 ऐतिहासिक बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन भी करेंगे। पर्यावरण संरक्षण, जन-भागीदारी आधारित पौधारोपण और जैव-विविधता संवर्धन को एक जन-आंदोलन का रूप देने के लिए 5 जून से 30 सितंबर 2026 तक यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसके तहत रोपे जाने वाले सभी पौधों की जियो-टैगिंग कर उनका पंजीकरण मेरी लाइफ पोर्टल पर किया जाएगा, जिससे पौधों के संरक्षण और उनकी लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सकेगी। विश्व पर्यावरण दिवस पर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर भी विविध जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संगोष्ठियां, चित्रकला-निबंध प्रतियोगिताएं और पर्यावरण शपथ के आयोजन होंगे। इनमें स्कूलों, कॉलेजों, एनएसएस, एनसीसी और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस महत्वपूर्ण आयोजन में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार और अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित पर्यावरणविद और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। प्रकाश/04 जून 2026