:: 9 जून से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय आयोजन; होटल शेरेटन, मैरियट और ग्रामीण हाट बाजार की व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने किया निरीक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में 9 जून से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय महत्व के ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में मध्य प्रदेश शासन के कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े गुरुवार को इंदौर पहुंचे और आयोजन से जुड़े विभिन्न स्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने होटल शेरेटन, मैरियट होटल और ग्रामीण हाट बाजार का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेशी प्रतिनिधियों के स्वागत, आवास, परिवहन और सुरक्षा में कोई कमी न रहे। कृषि सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सम्मेलन के दौरान आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। इस प्रतिष्ठित आयोजन से इंदौर को वैश्विक स्तर पर अपनी कृषि, नवाचार एवं विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का बड़ा मौका मिलेगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान होगा। निरीक्षण के दौरान एमडी मंडी कुमार पुरुषोत्तम, एमडी पर्यटन दिलीप यादव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, कृषि विभाग के उप सचिव रोहित सिसोनिया, संयुक्त संचालक आलोक मीणा और उप संचालक सी.एल. केवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। प्रकाश/04 जून 2026