देहरादून (ईएमएस)। लगातार तीन दिनों से सघन सर्चिंग के बाद आखिरकार नयार नदी से एसडीआरएफ की टीम ने शव को बरामद कर दिया। उल्लेखनीय है कि बीती दो जून डीसीआर पौड़ी द्वारा सूचना दी गई कि नयार नदी, थलीसैंण में एक व्यक्ति बह गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम धुमाकोट तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई तथा सर्च अभियान प्रारम्भ किया गया। इस दौरान सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन एवं आदेशानुसार लापता व्यक्ति की खोज हेतु लगातार सघन सर्च अभियान संचालित किया गया। उनके द्वारा टीमों को निर्देशित किया गया था कि संभावित स्थानों, नदी के किनारों, गहरे जल क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर अलग- अलग टीमों का गठन कर निरंतर एवं व्यवस्थित सर्चिंग की जाए। वहीं लगातार सर्चिंग के बावजूद व्यक्ति का कोई सफलता नहीं मिल पाई और इसी क्रम में आज पुनः गहन सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा नयार नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिसे आवश्यक कार्यवाही उपरांत जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/04 जून 2026