क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस) नृत्यधाम कला समिति द्वारा आयोजित सूर्योस्थान महोत्सव 2026 का आयोजन दार्जिलिंग में संपन्न हुआ। सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उक्त महोत्सव में कोरबा जिला की उभरती हुई प्रतिभाशाली अंतरराष्ट्रीय कत्थक नृत्यांगना अश्वीका साव ने अपनी मनमोहक व प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया। अपनी उत्कृष्ट नृत्य प्रतिभा के बल पर उन्होंने जूनियर कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र व प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। अश्वीका साव वर्तमान में डीपीएस एनटीपीसी में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं। कम आयु में ही उन्होंने कत्थक नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनकी प्रस्तुति में लखनऊ घराने की कत्थक शैली की सुंदरता, भावाभिव्यक्ति, लयबद्धता व तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जिसकी निर्णायकों ने विशेष सराहना की। अश्वीका की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय परिवार तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता युवा कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। सूर्योस्थान महोत्सव में प्राप्त यह सम्मान और प्रथम स्थान अश्वीका साव की कला साधना का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। 05 जून / मित्तल