क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- योग शिविर और पौधरोपण से दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश धमतरी(ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र में योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन और उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। यह पिछले एक वर्ष के दौरान पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित पांचवां योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर रहा। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सूजय मंडल और रूची साहू के योग क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। हाल ही में राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए गए दोनों प्रशिक्षकों को धमतरी पुलिस की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा स्वभाव से चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन के सबसे प्रभावी साधन हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित योग अपनाने और अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। योग शिविर के बाद पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। धमतरी पुलिस द्वारा स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार नवाचारपूर्ण पहल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि योग और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026