- कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस रायगढ़(ईएमएस)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी ने अपनी पत्नी, साले और ससुर पर आर्थिक धोखाधड़ी, विश्वासघात और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच के बाद मामले में अपराध दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 छाल रोड निवासी पिंगल कुमार बघेल (41) ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2008 में सीमा बघेल से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती वर्षों में पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ ससुराल पक्ष का हस्तक्षेप बढ़ने लगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह अपने फेब्रिकेशन और सेंट्रिंग व्यवसाय से होने वाली आय घर पर पत्नी को सौंप देता था। इसी दौरान उसे घर से लगातार नकदी गायब होने का संदेह हुआ। संदेह के आधार पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिसमें कथित तौर पर यह सामने आया कि नकदी उसकी पत्नी द्वारा अपने भाई को दी जा रही थी। जांच में यह भी आरोप सामने आया कि उक्त राशि आरोपी के बैंक खाते में जमा कराई जा रही थी। बाद में बैंक लेन-देन की जानकारी मिलने पर करीब 22.63 लाख रुपए के वित्तीय लेन-देन का मामला उजागर हुआ। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने राशि वापस मांगी तो पत्नी, साले और ससुर ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में एक जमीन खरीदने के दौरान उस पर दबाव बनाकर संपत्ति पत्नी के नाम दर्ज कराई गई। बाद में उसी जमीन पर व्यावसायिक निर्माण कार्य किया गया। वर्तमान में उक्त भूमि एक अधिग्रहण प्रक्रिया के दायरे में है, जिसके कारण करोड़ों रुपए के संभावित मुआवजे की चर्चा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संपत्ति विवाद के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने आत्महत्या की धमकी देकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं। मामले की जांच एसडीओपी स्तर पर कराई गई। जांच के बाद पुलिस ने पत्नी सीमा बघेल और उसके भाई कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीसरे आरोपी भरत लाल यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026