क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार प्रातः 7 बजे इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं आरोग्य भारती के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में कम्पोजिट विद्यालय बक्सपुर में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रमुख कानपुर प्रांत आरोग्य भारती, चेयरमैन फतेहपुर एवं कार्यकारिणी सदस्य इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में अमरूद, जामुन, शीशम, अशोक, गुड़हल, कनेर सहित पांच औषधीय पौधों समेत कुल 11 वृक्ष लगाए गए। साथ ही उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी संबंधित लोगों को सौंपी गई। वृक्षारोपण के उपरांत डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा पॉलिथीन मुक्त अभियान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और जल का संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से जल की एक-एक बूंद बचाने का आह्वान करते हुए कहा कि “जल है तो कल है”। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित व्यक्तियों को जल संरक्षण संबंधी निवेदन पत्रक वितरित किए गए तथा जल के अनावश्यक दुरुपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वार्ड संख्या-12 के सभासद अरुण यादव, वार्ड संख्या-3 के सभासद पवन द्विवेदी, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव सहित मिथलेश, अजय गुप्ता, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, राकेश विश्वकर्मा, श्यामू सिंह, नरेश गुप्ता एवं संजय कुमार समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। शीबू खान/ ईएमएस 05 जून, 2026