- विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिखाई मोबाइल सोर्स अपोर्शनमेंट लैब को हरी झंडी - ‘ग्रीन सोसायटी’ और ‘ग्रीन वॉलंटियर’ पहल को मिलेगा बढ़ावा अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) के ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ अभियान के तहत वृक्षारोपण के महाअभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहर में हवा की गुणवत्ता में सुधार करने और प्रदूषण के स्रोतों की सटीक जानकारी हासिल करने के लिए एक विशेष मोबाइल लेबोरेटरी- मोबाइल सोर्स अपोर्शनमेंट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस स्मार्ट सेंसिंग और डिजिटल इंटेलिजेंस प्रोजेक्ट (मोबाइल रीयल-टाइम सोर्स अपोर्शनमेंट लेबोरेटरी) का मुख्य उद्देश्य अहमदाबाद शहर में वायु प्रदूषण फैलाने वाले मुख्य स्रोतों की वैज्ञानिक जांच करना और हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है। मुख्यमंत्री ने शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को और मजबूत करने के लिए मियावाकी पद्धति पर आधारित क्लॉन्ग-ऑन फॉरेस्ट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का भी शुभारंभ किया। ज्ञात हो कि बढ़ती शहरी आबादी और तेज शहरीकरण के कारण शहरों में हीट आइलैंड इफेक्ट लगातार बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी गर्मी का अनुभव लंबे समय तक रहता है। सामान्य स्थिति में गर्मी का प्रभाव 1 से 2 घंटे में कम हो जाता है, लेकिन मौजूदा स्थिति में इसका प्रभाव 3 से 4 घंटे तक महसूस किया जाता है। इस चुनौती को ध्यान में रखकर अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा पिछले कुछ वर्षों से ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ अभियान चलाया जा रहा है। पिछले पांच वर्ष के दौरान अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न जोन में किए गए वृक्षारोपण के आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं। जहां, वर्ष 2019-20 के दौरान 11,66,387 पौधे लगाए गए। वहीं, वर्ष 2020-21 के दौरान 10,13,856 पौधे, वर्ष 2021-22 के दौरान 12,82,014 पौधे, वर्ष 2022-23 के दौरान 20,75,431 पौधे, वर्ष 2023-24 के दौरान 20,05,795 पौधे, वर्ष 2024-25 के दौरान 30,13,151 पौधे तथा वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 41,16,715 पौधे लगाए गए। अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ (वृक्षारोपण) अभियान के अंतर्गत इस वर्ष शहर में 50 लाख पौधे लगाने का आयोजन किया गया है। इस संदर्भ में, मुख्यमंत्री सहित अन्य महानुभावों ने महानगर के चांदखेड़ा इलाके में पौधा लगाया। अहमदाबाद में हरियाली बढ़ाने के लिए एयर क्वालिटी विभाग ने हॉट स्पॉट क्षेत्रों की पहचान की है। ऐसे इलाकों में विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए अधिक मात्रा में वृक्षारोपण किया जाएगा, ताकि वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार लाया जा सके। इस अवसर पर पेड़ों के संरक्षण और विस्तार के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), कॉर्पोरेट-सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और कॉर्पोरेट-पर्यावरण उत्तरदायित्व (सीईआर) मॉडल के तहत विभिन्न संस्थानों के साथ सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए। शहर की मुख्य सड़कों, डिवाइडरों, सार्वजनिक स्थानों, उद्यानों तथा उपलब्ध खुली जगहों में व्यापक तौर पर पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, शहर के नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए एएमसी सेवा मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ‘ग्रीन वॉलंटियर’ और ‘मेमोरियल पार्क’ जैसी पहलों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। रिहायशी सोसायटियों को ‘ग्रीन सोसायटी’ के रूप में विकसित करने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि नागरिक अपने घर या सोसायटी में वृक्षारोपण करना चाहते हैं, तो वे एएमसी सेवा ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं, जिसके बाद एएमसी की टीम घर आकर निःशुल्क वृक्षारोपण करेगी। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल, अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, विधायक अमित शाह, जीतूभाई, अल्पेश ठाकोर, हसमुख पटेल, हर्षद पटेल, कौशिक जैन, उप महापौर अंजू शाह, मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल, मनपा आयुक्त बंछानिधि पानी, शासक पक्ष के नेता जशु ठाकोर, सचेतक अतुल मिश्रा सहित पार्षदगण और मनपा के पदाधिकारी, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। सतीश/05 जून