गुजरात (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस पर पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने व प्राकृतिक संसाधन बचाने के लिए किया प्रेरित पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरुरत है, आने वाली पीढ़ी को जीवित रहने के लिए शुद्ध आक्सीजन मिले इसके लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं व परिवार के सदस्य की भांति उसकी देखभाल करें। वैश्विक स्तर पर निरंतर बढ़ रहे तापमान को भी हम इन्हीं पेड़-पौधों के जरिये नियंत्रित कर सकते हैं। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने विश्व पर्यावरण दिवस पर सपरिवार पौधारोपण करने के पश्चात व्यक्त किये। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, प्रकृति हमारा घर है, इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। धरती पर पेड़ के बिना मानव जीवन की कल्पना करना असंभव है। पेड़ से हमें न सिर्फ ऑक्सीजन मिलता है बल्कि तमाम जीवनदायक चीजें मिलती हैं। इसीलिए पेड़ को धरती का फेफड़ा भी कहा जाता है। श्री यादव ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि एक वैश्विक आंदोलन है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि पृथ्वी केवल हमारी जरूरतों को पूरा करने के लिए नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की भी धरोहर है। वर्ष 2026 में इस दिवस का केंद्र बिंदु जलवायु परिवर्तन और प्रकृति आधारित समाधान हैं। दुनिया भर में बढ़ते तापमान, अनियमित मौसम, सूखा, बाढ़ और प्राकृतिक आपदाएं यह संकेत दे रही हैं कि अब कार्रवाई का समय आ गया है। विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास जैसे मुद्दों पर वैश्विक कार्रवाई को प्रोत्साहित करना है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि सिर्फ दिवस विशेष पर वृक्षारोपण से बात नहीं बनेगी बल्कि हमें हर दिन पर्यावरण दिवस की तरह जागरूक रहना होगा तथा हर माह पौधा लगाना होगा I पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें अपनी भावी पीढ़ी को जागरूक करना होगा I उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के प्रति जागरूक करने और हर डाककर्मी से पौधारोपण द्वारा उनके निवारण में भागीदार बनने का एवं इको फ्रेंडली उत्पादों का इस्तेमाल करने को भी प्रेरित किया। सिंगल-यूज प्लास्टिक का कम उपयोग, पानी और बिजली की बचत, सार्वजनिक परिवहन या साइकिल का उपयोग जैसी पहलों से पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत व्यक्तिगत स्तर से भी की जा सकती है। प्रवर डाक अधीक्षक श्री चिराग मेहता ने कहा की पर्यावरण संरक्षण के लिये पौधे लगाना हम सबका दायित्व है I सहायक निदेशक अल्पेश शाह ने एक व्यक्ति, एक वृक्ष के नारे के साथ पौधारोपण के महत्त्व को बताया I सहायक निदेशक रितुल गाँधी और वारिस व्होरा ने कहा कि वृक्ष हमें जीवन देता है इसलिए वृक्ष लगाने के साथ-साथ इनका संरक्षण भी बहुत जरुरी है I ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2026