- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को आत्मसात करते हुए पटना के वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने किया पौधारोपण - कपूर, रुद्राक्ष और महोगनी के पौधे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश - प्रकृति संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व- संजय सरावगी पटना, (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पटना स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को आत्मसात करते हुए बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आम नागरिकों से प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कपूर, रुद्राक्ष और महोगनी के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विषय है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पूरी दुनिया चिंतित है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाने में अपना योगदान दे। इस मौके पर प्रदेश भर के 501 बूथों से कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर पौधारोपण कर हरित भविष्य के प्रति संकल्प को मजबूत किया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को लेकर अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान जनसामान्य को प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार भाजपा भी पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में देखती है और पार्टी के कार्यकर्ता लगातार वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण जैसे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे डिजिटल जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरणीय जागरूकता को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता के माध्यम से बिहार को अधिक हरित और पर्यावरण के अनुकूल राज्य बनाया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया, विधायक संजीव चौरसिया, प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, प्रीति शेखर, उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, अनामिका पासवान, मंत्री सुषमा साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, पूर्व वार्ड पार्षद पिंकी कुमारी, राजीव रंजन, मनोज सिंह, पंकज गुड्डू, दीपू चंद्रवंशी, कुणाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। संतोष झा- ०५ जून/२०२६/ईएमएस