ढ़ाका (ईएमएस)। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) तल्हा जुबैर को नया गेंदबाजी कोच बना सकता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले सप्ताह 9 जून से शुरू हो रही तीन एकदिवसीय मैचों की घरेलू सीरीज से पहले ही उनको कोच की जिम्मेदारी दी जा सकती है। पूर्व तेज गेंदबाज जुबैर को घरेलू क्रिकेट में कोचिंग का लंबा अनुभव है। जुबैर को ऑस्ट्रेलिया के शॉन टेट की जगह ये जिम्मेदारी मिल रही है। इससे पहले टेट ने अचानक ही कोच पद छोड़ दिया था। टेट का कहना था कि वह अब अपना समय परिवार और बच्चों को देना चाहते हैं। पिछले एक साल से वह बांग्लादेश टीम से जुड़े हुए थे। टेट ने कहा, “बीसीबी और बांग्लादेश की टीम के साथ मेरे 12 महीने ठीक रहे। मैं बीसीबी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे खिलाड़ियों के साथ काम करने में आनंद आया। मेरा तेज गेंदबाजों से अच्छा तालमेल हो गया था। उनके साथ काम करना अच्छा रहा।”उन्होंने साथ ही कहा कहा, “मुझे नहीं लगता कि मेरा बांग्लादेश के साथ सफर यहीं खत्म हो गया है। यहां बीपीएल और अन्य अवसर भी हैं। भविष्य में क्या होगा, कोई नहीं जानता पर अभी मुझे लगता है कि परिवार को मेरी ज्यादा जरूरत है। साल भर चलने वाले टेस्ट और एकदिवसीय में कोच के तौर पर मैंने 12 महीने गुजार दिये हैं। अब समय आ गया है कि मैं परिवार के साथ भी रहूं।” गौरतल है कि टेट पिछले साल मई में ही बांग्लादेश टीम के कोच बने थे। उनको अगले साल एकदिवसीय विश्वकप 2027 तक टीम के साथ रहना था। उन्हें न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर आंद्रे एडम्स की जगह कोच बनाया गया था। उनके आने से बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। टीम ने हाल ही मैं पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी। टेट इससे पहले भी कोच के तौर पर बीपीएल में चिटगांव किंग्स के साथ रहे हैं, इसके अलावा वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान टीम के भी कोच रहे रहे हैं. खबरों के मुताबिक बीसीबी अब टेट की जगह घरेलू स्तर पर मशहूर कोच और पूर्व तेज गेंदबाज तल्हा जुबैर को यह जिम्मेदारी देने का विचार कर रहा है। गिरजा/ईएमएस 06 जून 2026