क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


- एयरपोर्ट से शेरेटन होटल तक दिखेगी मिनी मुंबई की भव्य झलक - निगम कमिश्नर ने आईडीए और जिला पंचायत सीईओ के साथ किया रूट का निरीक्षण, राजवाड़ा और 56 दुकान सवरेंगे इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता और जल संरक्षण में देश का मान बढ़ाने के बाद अब इंदौर एक बार फिर वैश्विक पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ने के लिए तैयार है। शहर में आयोजित होने वाले आगामी प्रतिष्ठित ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वैश्विक अतिथियों के स्वागत और गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आईडीए सीईओ परीक्षित झाड़े और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन के साथ शहर के प्रमुख मार्गों एवं महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का संयुक्त रूप से विस्तृत निरीक्षण किया। अंतरराष्ट्रीय डेलिगेट्स के आगमन को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सुपर कॉरिडोर, एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल शेरेटन होटल तक के पूरे रूट का जायजा लिया। निगम आयुक्त ने कड़े निर्देश दिए कि इस पूरे मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, सड़कों की मरम्मत की जाए और कहीं भी कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट नजर नहीं आना चाहिए। इसके साथ ही पूरे रूट पर सौंदर्यीकरण, आकर्षक वॉल पेंटिंग और ब्रिक्स सम्मेलन की विशेष ब्रांडिंग का कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वैश्विक प्रतिनिधियों के इंदौर प्रवास के दौरान उनके भ्रमण को यादगार बनाने के लिए शहर के पारंपरिक और ऐतिहासिक केंद्रों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के दल ने इंदौर की शान राजवाड़ा, स्वाद के प्रसिद्ध ठिकाने 56 दुकान और ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार का बारीकी से निरीक्षण किया। कमिश्नर सिंघल ने इन क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), हरित क्षेत्र (ग्रीनरी), ट्रैफिक संकेतक और अन्य नागरिक सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से दोटूक कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए आपसी समन्वय से सफल बनाएं, ताकि देश-दुनिया में इंदौर का नाम एक बार फिर गर्व से चमके। प्रकाश/05 जून 2026