क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


दंतेवाड़ा (ईएमएस)। जिले के बचेली नगर में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान प्रभाकर मिश्रा के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, प्रभाकर मिश्रा रोज की तरह अपने कमरे में था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने और दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों को चिंता हुई। जब दरवाजा अंदर से बंद मिला तो परिजनों ने किसी तरह उसे खोला। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल से पंखे से बंधा एक गमछा भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है। - (ईएमएस) 06 जून 2026