क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बॉम्बे मार्केट में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, आग बॉम्बे मार्केट स्थित बैंक के जोनल ऑफिस में लगी। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो भवन से धुआं निकलता देख तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए रायपुर नगर निगम के पानी टैंकर भी मौके पर बुलाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर बैंक कार्यालय के आसपास स्थित दुकानों और प्रतिष्ठानों को एहतियातन खाली करा लिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बैंक भवन से लगातार धुआं निकलता दिखाई दे रहा था। दमकल कर्मियों ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए तेजी से कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं और नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। - (ईएमएस) 06 जून 2026