- कुआलालंपुर से 1.06 करोड़ रुपये का सोना और लग्जरी घड़ियां तस्करी कर लाने का आरोप मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) और कस्टम विभाग ने एक मुंबई निवासी दंपती को सोने के आभूषण और लग्जरी घड़ियों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1.06 करोड़ रुपये बताई गई है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अथर मोहम्मद इशाक शेख (43) और उनकी पत्नी फराह अथर शेख (39) के रूप में हुई है। दंपती कुआलालंपुर से मुंबई पहुंचे थे। अथर शेख पेशे से कार डीलर हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों यात्रियों को संदेह के आधार पर रोका गया और एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन 24 कैरेट रोडियम-प्लेटेड कच्चे सोने के कड़े (कड़ा/ब्रेसलेट) तथा एक रोडियम-प्लेटेड सोने की चेन बरामद की गई। बरामद सोने का कुल वजन 483 ग्राम था, जिसकी कीमत सरकारी मान्यता प्राप्त मूल्यांकनकर्ता ने 66.39 लाख रुपये आंकी। कस्टम विभाग ने दंपती की सहमति से उनका एक्स-रे बॉडी स्कैन भी कराया। हालांकि स्कैन के दौरान शरीर के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने उनके तीन ट्रॉली बैग, स्लिंग बैग और महिला पर्स की भी जांच की, लेकिन उनमें कोई अतिरिक्त आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के दौरान अधिकारियों ने तीन महंगी और पुरानी इस्तेमाल की गई लग्जरी घड़ियां भी जब्त कीं। सरकारी मूल्यांकनकर्ता ने इन तीनों घड़ियों का कुल मूल्य 40 लाख रुपये निर्धारित किया। इस प्रकार सोने और घड़ियों सहित कुल जब्ती की कीमत 1.06 करोड़ रुपये पहुंच गई। कस्टम अधिकारियों ने दंपती को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 और 135 के तहत गिरफ्तार किया है। यह अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती श्रेणी में आता है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार अपने स्वैच्छिक बयानों में दोनों आरोपियों ने बरामद सोने और लग्जरी घड़ियों के कब्जे, उन्हें साथ लाने तथा उनकी तस्करी से संबंधित बातों को स्वीकार किया है। हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। संजय/संतोष झा- ०६ जून/२०२६/ईएमएस