वृक्षों से ही जीवन है,,,,,, अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनका संरक्षण करें : विधायक पंडित उमाकांत शर्मा,,,, सिरोंज (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर के हीराबेन पार्क में क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में भाजपा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा 51 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि वृक्षों से ही जीवन है। वृक्ष हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, पर्यावरण को संतुलित रखते हैं तथा मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी हमारी जिम्मेदारी है। विधायक शर्मा ने कहा कि आज देश के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व को 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में भी इसी हीराबेन पार्क में वृक्षारोपण किया गया था और आज उन आम के पौधों में फल आने लगे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि यदि पौधों की उचित देखभाल की जाए तो वे आने वाले वर्षों में पर्यावरण एवं समाज दोनों के लिए लाभदायक सिद्ध होते हैं। विधायक शर्मा ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश ने समग्र विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। पर्यावरण संरक्षण भी इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मनमोहन साहू, उपाध्यक्ष मनोज सांईनाथ, भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम कुशवाह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश यादव, हरिबाबू भार्गव, पार्षद हरिचरण अहिरवार, संजू सोनी, रूपेश यादव, धर्मेन्द्र जैन, जगदीश मालवीय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस/ सलमान खान/ 06 जून 2026