राज्य
06-Jun-2026
...


10 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि हुई अतिक्रमण मुक्त, यहां बनेगी फोरलेन सड़क और ब्रिज भोपाल (ईएमएस) । जिला प्रशासन द्वारा संचालित अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पिपलानी चमारन स्थित लेबर कॉलोनी झुग्गी बस्ती क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। ग्लोबल स्किल पार्क के सामने स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए प्रशासन ने 70 दुकानों एवं 42 झुग्गीवासियों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। यह कार्रवाई एसडीएम गोविंदपुरा श्री भुवन गुप्ता के नेतृत्व में तहसीलदार श्री सौरभ वर्मा, राजस्व अमले,नगर निगम तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी सड़क के दोनों ओर लगभग 210 मीटर क्षेत्र में फैले करीब 4,000 वर्गमीटर (लगभग 43,000 वर्गफीट) शहरी भूमि क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। गाइडलाइन के अनुसार इस भूमि का मूल्य लगभग 10 करोड़ रुपये तथा वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 40 करोड़ रुपये आंका गया है। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद अब इस भूमि पर कार्यपालन यंत्री, राजधानी संभाग क्रमांक-02 द्वारा प्रस्तावित फोरलेन सड़क एवं ब्रिज निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।