:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव के यूके दौरे की बड़ी सफलता : ओरल हेल्थकेयर उत्पादों का होगा निर्माण, 1000 युवाओं को मिलेगा रोजगार :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनाने के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। विश्व की अग्रणी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन भारत में अपनी पहली मैन्युफैक्चरिंग इकाई मध्यप्रदेश में स्थापित करने जा रही है। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से आकार लेने वाली इस अत्याधुनिक परियोजना का भूमि-पूजन सोमवार, 8 जून को स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे। यह वृहद विदेशी निवेश परियोजना मुख्यमंत्री डॉ. यादव के यूनाइटेड किंगडम (यूके) प्रवास और वहां आयोजित निवेश संवादों का परिणाम है। ब्रिटिश निवेशकों के साथ हुई विस्तृत चर्चा और मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के बाद हेलियन ने प्रदेश में अपना कदम आगे बढ़ाया। प्रस्ताव के इतनी जल्दी क्रियान्वयन के चरण में पहुंचने से राज्य सरकार की तीव्र विकासपरक प्रतिबद्धता भी रेखांकित होती है। :: 40 एकड़ में बनेगी अत्याधुनिक यूनिट, वैश्विक बाजार में निर्यात होंगे प्रॉडक्ट्स :: पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाने वाली यह अत्याधुनिक इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ (मौखिक स्वास्थ्य) उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी। हेलियन कंपनी सेंसोडाइन, क्रोसिन, ईनो, ओट्रिविन, आयोडेक्स, सेंट्रम तथा ऑस्टोकैल्शियम जैसे विश्व प्रसिद्ध और लोकप्रिय ब्रांड्स के लिए जानी जाती है, जिसकी उपस्थिति 170 से अधिक देशों में है। पीथमपुर यूनिट में उत्पादित सामग्री भारतीय बाजार की मांग पूरी करने के साथ-साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के अनेक देशों में निर्यात भी की जाएगी। :: रोजगार में 30 प्रतिशत महिलाओं को प्राथमिकता :: इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से क्षेत्र में लगभग 500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। कंपनी ने स्थानीय मानव संसाधन के उपयोग और कौशल विकास के साथ-साथ कुल रोजगार में कम से कम 30 प्रतिशत महिला कार्यबल की भागीदारी सुनिश्चित करने का विशेष लक्ष्य रखा है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन और लॉजिस्टिक्स जैसे सहायक उद्योगों को भी इससे नए व्यापारिक अवसर मिलेंगे। :: वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की ओर अग्रसर म.प्र. :: हाल के वर्षों में मध्यप्रदेश ने सिंगल विंडो सिस्टम, सुदृढ़ अधोसंरचना और निवेशक-अनुकूल नीतियों के दम पर खुद को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया है। हेलियन का यह निवेश प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात संवर्धन के प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगा, जो विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की सिद्धि में मील का पत्थर साबित होगा। प्रकाश/06 जून 2026