राज्य
06-Jun-2026
...


:: नारेबाजी करते हुए निकाला 2 किमी लंबा जुलूस, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में निराकरण न होने पर संभाग आयुक्त कार्यालय घेरने की चेतावनी :: इंदौर (ईएमएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के देशव्यापी जन संघर्ष अभियान के तहत शनिवार को राऊ क्षेत्र में मजदूरों, किसानों और आदिवासियों का बड़ा हुजूम उमड़ पड़ा। दोपहर को बड़ी तादाद में खेत मजदूर महिलाएं, लघु किसान और आदिवासी स्टार चौराहा (तेजाजी चौक, राऊ) पर एकत्रित हुए। यहां से अपनी विभिन्न स्थानीय और राष्ट्रीय मांगों के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाते हुए करीब दो किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने राऊ के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचकर करीब एक घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। तहसील कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मजदूर-किसान नेता अरुण चौहान ने कहा कि राऊ तहसील क्षेत्र में बड़ी तादाद में जमीनें कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के कब्जे में हैं। शासन को इन भू-माफियाओं से जमीनें वापस लेनी चाहिए और क्षेत्र के गरीब, आवासहीन मजदूरों व किसानों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पट्टे देकर वहां उनके मकान बनवाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वामित्व योजना के नाम पर मालिकाना हक देने की बजाय गरीबों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। सरकार केवल आबादी की जमीन पर पट्टे देने का एलान करती है, जबकि बड़ी संख्या में दलित, आदिवासी और मजदूर कंकड़, चरनोई और सरकारी सीलिंग की जमीनों पर वर्षों से बसे हुए हैं, उन्हें वहीं का मालिकाना हक मिलना चाहिए। :: स्मार्ट मीटर और चार श्रम संहिताओं के खिलाफ फूटा गुस्सा :: जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारी हाथ में तख्तियां लिए मेहनतकश मजदूरों को धोखा, भू-माफिया को मौका नहीं चलेगा, मजदूर विरोधी चार श्रम संहिताएं वापस लो, स्मार्ट मीटर नहीं चलेगा और मजदूर-किसानों के सारे कर्ज माफ करो जैसे नारे लगा रहे थे। इसके अलावा ग्रामीणों ने कृषि के लिए ब्याज मुक्त ऋण देने, खाद, बीज व बिजली सस्ती करने और ग्रामीण अंचलों में पीने के पानी व रसोई गैस की सुचारू व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। :: तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, मिला आश्वासन :: प्रदर्शन के अंत में प्रधानमंत्री, संभाग आयुक्त और जिलाधीश के नाम मांगों व शिकायतों का एक विस्तृत ज्ञापन राऊ तहसीलदार श्री गुर्जर को सौंपा गया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर आवास, पीने के पानी और अन्य स्थानीय समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो संभाग आयुक्त कार्यालय (कमिश्नर ऑफिस) पर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। तहसीलदार गुर्जर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि तहसील स्तर की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा तथा केंद्र व राज्य सरकार से जुड़े मुद्दों के मांग पत्र तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों और प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे जाएंगे। :: नुक्कड़ सभाओं से बनाई पृष्ठभूमि :: इस आंदोलन का नेतृत्व कामरेड अरुण चौहान, काशीराम नायक और राजू जरिया ने किया। प्रदर्शन की सफलता के लिए पिछले कई दिनों से राऊ तहसील क्षेत्र की मजदूर व गरीब बस्तियों में लगातार नुक्कड़ सभाएं की जा रही थीं और पर्चा वितरण कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा था। शनिवार के इस प्रदर्शन में सीताराम भाई, भादर सिंह, गब्बू भाई, सोहेल खान, मनोहर डाबर, राकेश भाटिया, मंगल सिंह, राधेश्याम भाई, ममता बहन सोलंकी, सपना बाई, हेमा बाई, गुलकबाई कटारे और राजेश भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रकाश/06 जून 2026