राज्य
06-Jun-2026
...


:: विश्व पर्यावरण दिवस : महू के नेउगुराडिया में जल चौपाल और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का आयोजन, बावड़ी जीर्णोद्धार का हुआ शंखनाद :: इंदौर (ईएमएस)। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण ही हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की असली आधारशिला है। पर्यावरण को बचाने के लिए प्रत्येक परिवार को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। यह बात मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने कही। वे विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) की ग्राम पंचायत नेउगुराडिया में आयोजित जल चौपाल एवं “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। :: बावड़ी जीर्णोद्धार अभियान का हुआ शुभारंभ :: कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष सरदार मालवीय ने की। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में जल संकट को दूर करने पर जोर देते हुए कहा कि जल और पर्यावरण संरक्षण को अब एक जन आंदोलन का रूप देना समय की मांग है। प्राचीन जल स्रोतों, कुओं और बावड़ियों के संरक्षण के लिए ग्राम पंचायतों को पूरी सक्रियता के साथ आगे आना होगा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पारंपरिक रूप से पूजन-अर्चन कर घाट बावड़ी जीर्णोद्धार अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत परिसर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण भी किया गया। :: जल चौपाल में गूंजा भू-जल संवर्धन का संकल्प :: इस अवसर पर आयोजित विशेष जल चौपाल में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), भू-जल संवर्धन और प्राचीन जल संरचनाओं के पुनर्जीवन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों ने पर्यावरण और जल स्रोतों को सहेजने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का भरोसा दिया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों ने सामूहिक रूप से अपने गांव को स्वच्छ, हरित और जल समृद्ध बनाने के साथ ही इस पर्यावरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया। प्रकाश/06 जून 2026