धमतरी (ईएमएस)। जिले में अर्जुनी थाना क्षेत्र के मथुरा मोड़ के पास एक क्रूजर वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, क्रूजर वाहन नगरी की ओर से धमतरी की ओर आ रहा था, तभी वह अचानक नियंत्रण खो बैठा और हाईटेंशन लाइन के बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन दो खंभों के बीच फंस गया और दोनों पोल झुक गए। गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान हाईटेंशन तार नहीं टूटा, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि तार टूट जाता तो आसपास के इलाके में गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। अर्जुनी पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान में वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। - (ईएमएस)08 जून 2026