कांकेर(ईएमएस)। जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने ही परिचित के घर से सोना-चांदी के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवर बरामद कर लिए हैं। बरामद जेवरों की कुल कीमत करीब 1 लाख 63 हजार 350 रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बरेठिनबाहरा निवासी दिवस कुंजाम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के साथ साप्ताहिक बाजार गया हुआ था। इसी दौरान घर सूना था। अगले दिन जब उनकी पत्नी ने अलमारी की जांच की तो पाया कि ड्रेसिंग टेबल में रखी चाबी के जरिए अलमारी और लॉकर खोले गए थे और वहां रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घर आने-जाने वाले लोगों और परिचितों से पूछताछ की गई, जिसमें शक की सुई परिचित महिला चंद्रकला मरकाम पर गई। पुलिस पूछताछ में चंद्रकला मरकाम ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि घर में किसी के मौजूद न होने का फायदा उठाकर उसने चाबी से अलमारी खोलकर जेवर चोरी किए और उन्हें अपने पास छिपा लिया था। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से दो सोने के झुमके, एक मंगलसूत्र, दो सोने के दाने, दो लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 जून 2026