क्षेत्रीय
08-Jun-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। केंद्र के समान महंगाई भत्ता सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के नेतृत्व में 10 जून को प्रदेश के सभी जिलों एवं विकासखंडों में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। भोजनावकाश के दौरान कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन दिया जाएगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा एवं जिला अध्यक्ष किशोर कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के बावजूद राज्य कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। ज्ञापन में केंद्र के समान महंगाई भत्ता, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा लागू करने, अवकाश नगदीकरण 300 दिन करने, संविदा व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण, शिक्षकों को संपूर्ण सेवाकाल का लाभ देने तथा अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने जैसी मांगें शामिल हैं। संघ ने सभी कर्मचारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। मनोज राज 08 जून 2026