गिरिडीह,(ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध किया है। मोहनपुर पंचायत के ग्राम तुरुकडीहा में सोमवार सुबह पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों का धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या की। इस खौफनाक वारदात के सामने आते ही गांव में कोहराम मच गया। आरोपी पिता की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अपनी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी कुमारी, और 7 वर्षीय जुड़वां बेटियों रिद्धि कुमारी व सिद्धि कुमारी की बेरहमी से हत्या की। बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक घटना देर रात को अंजाम दी गई थी और सोमवार सुबह परिजनों व ग्रामीणों को इसका पता चला। मामले की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम महतो सहित भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की और तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाकर आरोपी पिता यादव को मौके से गिरफ्तार किया है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले में हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है, इसमें पारिवारिक विवाद, आरोपी की मानसिक स्थिति और अन्य संभावित पहलू शामिल हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से गहन पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी। यह घटना मानवता को झकझोर देने वाली है। आशीष दुबे / 08 जून 2026