* हाल ही में निर्विरोध चुने गए थे नगरसेवक, पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी मेहसाणा (ईएमएस)| जिले के विसनगर शहर से एक दुखद घटना सामने आई है। विसनगर नगरपालिका के वार्ड नंबर-1 से भाजपा के नगरसेवक दीपक मोदी द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। हाल ही में निर्विरोध निर्वाचित हुए दीपक मोदी का आकस्मिक निधन उनके परिवार, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों के लिए गहरा सदमा बनकर आया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दीपक मोदी विसनगर के कांसा एन.ए. क्षेत्र स्थित गणेशनगर सोसायटी में रहते थे। सोमवार तड़के वे शहर के निकट रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां वरेठा-गांधीनगर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना पटणी दरवाजा से माटेल होटल की ओर जाने वाले मार्ग के पास स्थित रेलवे ट्रैक क्षेत्र में हुई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विसनगर सिविल अस्पताल भेज दिया। दीपक मोदी हाल ही में संपन्न हुई विसनगर नगरपालिका चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में वार्ड नंबर-1 से निर्विरोध चुने गए थे। स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रिय कार्यशैली और जनसंपर्क के कारण वे राजनीतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे थे। नगरपालिका में भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। घटना की खबर मिलते ही भाजपा पदाधिकारी, नगरसेवक, कार्यकर्ता और उनके शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस घटना से पूरे विसनगर में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के बयान, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सतीश/08 जून