राष्ट्रीय
08-Jun-2026


-कई हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं बंद, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील जयपुर,(ईएमएस)। जयपुर विकास प्राधिकरण ने शहर के नंदपुरी इलाके में विकास कार्यों के आड़े आ रहे धार्मिक स्थलों को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क की निर्धारित सीमा में पांच धार्मिक स्थल आ रहे थे, जिन्हें अब हटाया जा रहा है। इनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक मजार और एक सत्संग भवन शामिल हैं। बता दें पिछले कुछ दिनों से सड़क चौड़ीकरण का काम तो चल रहा था, लेकिन मस्जिद को छोड़ दिया गया था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर बीजेपी की आलोचना हो रही थी, जिसके बाद जेडीए ने इसे भी हटाने का खाका तैयार किया। इस अतिक्रमण हटाओ अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए हैं। पूरे इलाके को एक तरह से छावनी बना दिया गया है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50 से ज्यादा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एहतियात के तौर पर जिले के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं भी अस्थाई रूप से बंद कर दी गई हैं। कानून और शांति व्यवस्था की पल-पल की निगरानी के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के आला अधिकारी और जेडीए के उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। ड्रोन के जरिए भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जयपुर के पुलिस कमिश्नर ने हालात को लेकर कहा कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा है कि भड़काऊ सामग्री, तथ्यहीन मैसेज या वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जेडीए के इस बड़े एक्शन के बाद अब सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस विधायक ने प्रशासन की इस ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपना कड़ा विरोध जताया है। सिराज/ईएमएस 08जून26 --------------------------------