राष्ट्रीय
08-Jun-2026


लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ का एक्शन लगातार जारी है। अयोध्या से लेकर झांसी, लखनऊ, हापुड़ और चंदौली तक पुलिस ने मुठभेड़ों और छापेमारी के जरिए कई बड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया है या ढेर कर दिया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में दहशत है। सबसे बड़ी कार्रवाई अयोध्या में हुई जहां प्रयागराज एसटीएफ यूनिट और कुख्यात अपराधी भानुप्रताप सिंह के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में घायल भानु प्रताप सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। भानु पर आजमगढ़ में एक लाख, अंबेडकर नगर में पचास हजार और गोरखपुर में पंद्रह हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक वह कॉन्ट्रैक्ट किलर और डकैत था व उसके खिलाफ हत्या और डकैती समेत 40 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक झांसी में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने आधी रात के बाद मुठभेड़ में घेर लिया। पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे ने सरेंडर कर दिया। दोनों पर हत्या में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसके साथी सनी उर्फ शनि कश्यप का नाम सामने आया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हापुड़ में व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई लूटकांड की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि वारदात में शामिल कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चंदौली में 24 घंटे पहले हुए हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हुआ। बता दें यूपी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सिराज/ईएमएस 08जून26