राष्ट्रीय
08-Jun-2026


नागपुर,(ईएमएस)। नागपुर में गर्लफ्रेंड का खर्च उठाने एक युवक ने अपनी ही दादी के घर में चोरी कर ली। बताया जाता है कि युवक ने करीब 2 लाख रुपए के जेवर और नकदी चुरा लिए। हालांकि गणेशपेठ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले का खुलासा किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंदिरानगर निवासी सुमित्रा किशोर मस्ते (60) ने घर की अलमारी में 93 हजार रुपए नकद और सोने की चेन, अंगूठी व कानों के गहने रखे थे। कुल मिलाकर करीब 1 लाख 93 हजार रुपए का सामान था। 30 मई से 2 जून के बीच यह सामान अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी सामान नहीं मिलने पर उन्होंने गणेशपेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया। जांच में पुलिस ने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और घर आने-जाने वालों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया है कि शिकायतकर्ता का पोता तुषार प्रदीप मस्ते (22) घर आया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने नकार दिया लेकिन सख्ती के बाद उसने चोरी की बात कबूली। तुषार ने पुलिस की जांच में बताया है कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने दादी के घर से जेवर और नकदी चुरा ली। चोरी के बाद उसने सोने के गहने एक सुनार को बेच दिए, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुनार से गहने बरामद किए और आरोपी से नकदी भी जब्त कर ली है। सिराज/ईएमएस 08जून26