कोडरमा(ईएमएस)।झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभाल रही कोडरमा म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (केएमएसडब्लूएम) के अधीन कार्यरत सफाई मित्रों और वाहन चालकों ने मानदेय भुगतान में अनियमितता एवं पीएफ राशि संबंधी शिकायतों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर परिषद झुमरीतिलैया में साफ-सफाई का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले तीन माह से मानदेय का भुगतान समय पर नहीं किया गया है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि हर महीने उनके वेतन से भविष्य निधि (पीएफ) की राशि काटी जाती है, लेकिन संबंधित राशि उमंग एप्लीकेशन में प्रदर्शित नहीं हो रही है, इसे लेकर कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।कर्मचारियों ने बताया कि कई बार कंपनी प्रबंधन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी के विरोध में उन्होंने कामकाज बंद कर हड़ताल का रास्ता अपनाया है।हड़ताल में करीब 20 वाहन चालक और 40 सफाई कर्मचारी शामिल हैं। सफाई कार्य बंद होने के कारण शहर के विभिन्न वार्डों में कचरा उठाव और साफ-सफाई का कार्य प्रभावित होने लगा है।यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है।वहीं मामले पर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर रविकांत तिवारी ने कर्मचारियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वेतन भुगतान में केवल सात दिनों की देरी हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रेजरी से संबंधित कुछ तकनीकी और प्रशासनिक समस्या के कारण भुगतान में विलंब हो रहा है।कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए कंपनी ने पिछले सप्ताह सभी कर्मियों के खातों में आवश्यक खर्चों के लिए कुछ राशि भी भेजी है।कंपनी प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि समस्या का समाधान होते ही लंबित भुगतान कर दिया जाएगा।इधर, कर्मचारी अपनी मांगों के समाधान तक हड़ताल जारी रखने की बात कह रहे हैं। कर्मवीर सिंह/08जून/26