बाइक रैली निकालकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, सौंपा ज्ञापन अशोकनगर (ईएमएस)। जैन मुनि सुधासागर जी महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में जैन समाज ने सोमवार को प्रदर्शन किया। समाजजनों ने शहर में बाइक रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। यह रैली सुभाषगंज स्थित जैन मंदिर से शुरू हुई और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि मध्य प्रदेश दिगंबर जैन समाज का प्रमुख केंद्र रहा है और इसे जैन संतों की साधना स्थली के रूप में जाना जाता है। समाज ने चिंता व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों से सागर और अशोकनगर क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से जैन संतों के खिलाफ दुष्प्रचार कर धार्मिक वातावरण को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। जैन समाज ने आशंका जताई कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से फर्जी पहचान और सोशल मीडिया का उपयोग कर जैन संतों की छवि धूमिल कर रहे हैं। समाज में जैन संतों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता है, क्योंकि वे पद विहार करते हैं और उनके साथ हमेशा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं रहती। समाज ने प्रशासन से रीवा, सागर और अशोकनगर से जुड़े पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को बेनकाब करने, कठोर कानूनी कार्रवाई करने और जैन संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। पुलिस कार्रवाई से खुश होकर भेंट किए गुलाब के फूल: इस मामले में अशोकनगर जैन समाज के अध्यक्ष राकेश कासल द्वारा 3 जून को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। समाज ने पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई की सराहना की, जिन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट समाजजनों ने अधिकारियों को गुलाब के फूल भेंट कर आभार व्यक्त किया। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 जून 2026