क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। कलेक्टर साकेत मालवीय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई के आवेदनों की पर कार्यवाही, विकासखंड स्तर पर तथा नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों, विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित गतिविधियों, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में विस्तार से विचार विमर्श कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में विभागों में अनुकम्पा नियुक्तियों के प्रकरण निराकृत किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में गठित समितियों की अद्यतन जानकारी एवं नामांकन की स्थिति उपलब्ध कराई जाए। साथ ही गठित समितियों के सदस्यों की कार्यशाला आयोजित कराई जाए। कलेक्टर ने आगामी वर्षाऋतु को दृष्टिगत रखते हुए स्कूल एवं आंगनवाडी केन्द्रों को सुरक्षित स्थानों को लगाये जाने तथा जर्जर भवनों को गिराये जाने की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। बैठक में खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि डबल लॉक केन्द्रों,समिति स्तर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर हेल्प सेंटर के संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्राईवेट दुकानों का फिजीकल स्टॉक की जांच तथा पोर्टल स्टॉक के मिलान करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन, अपर कलेक्टर डीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सोनम जैन, आरबी सिण्डोस्कर, बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को: कलेक्टर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने योग दिवस पर सभी की भागीदारी सुनिश्चित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। योगाभ्यास कार्यक्रम जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, शासकीय संस्थाओं में कराये जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 जून 2026