क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


कवर्धा (ईएमएस)। जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने सुबह व्यापक कार्रवाई करते हुए घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास परिसर में छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई, जिससे पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिली। पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि अटल आवास परिसर के कुछ मकानों में बाहरी और संदिग्ध लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। साथ ही यहां नशीले पदार्थों के कारोबार और अन्य अनैतिक गतिविधियों के संचालन की भी सूचना लगातार मिल रही थी। शिकायतों की पुष्टि के बाद पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत एक साथ कई मकानों में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कुछ लोग मौके से भागने का प्रयास करने लगे। वहीं कुछ युवतियों के भी वहां से निकल जाने की सूचना है। तलाशी के दौरान कुछ मकानों से शराब, संदिग्ध नशीले पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने बरामद सामग्री का आधिकारिक विवरण अभी जारी नहीं किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन की मदद से आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी गई, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति भाग न सके। पुलिस टीम ने कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अटल आवास परिसर को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार, अवैध गतिविधियों और अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और स्थानीय लोगों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल रहा। - (ईएमएस) 10 जून 2026