व्यापार
10-Jun-2026


मिनी ने 2025 में 730 वाहन बेचे, पिछले साल के मुकाबले 3 फीसदी ज्यादा नई दिल्ली,(ईएमएस)। लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया मिनी ब्रांड पर ज्यादा ध्यान दे रही है। कंपनी का इरादा स्थानीयकरण और मझोले बाजारों में विस्तार के जरिए 2026 के आखिर तक अपनी बिक्री को दोगुना करना है। मिनी ने 2025 में 730 वाहन बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 3 फीसदी ज्यादा है। कंपनी मिनी कंट्रीमैन के पेट्रोल-डीजल इंजन वाले वर्जन पर दांव लगा रही है, जिसे बीएमडब्ल्यू ग्रुप के चेन्नई संयंत्र में बनाया जाएगा। यह मॉडल कंपनी के भारत में मौजूद पोर्टफोलियो में स्थानीय स्तर पर बनने वाली 11वीं गाड़ी होगी। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो साल में भारत में मिनी की नई पेशकशों में मिनी कूपर एस हैच और मिनी कंट्रीमैन इलेक्ट्रिक शामिल हैं, लेकिन हाल में ब्रांड ने मिनी कन्वर्टिबल, मिनी कंट्रीमैन जेसीडब्ल्यू ऑल4 और मिनी कंट्रीमैन एसई ऑल4 के साथ अपने पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। बीएमडब्ल्यू इस साल 10 मिनी मॉडल बाजार में उतारने की योजना बना रही है। इनमें स्थानीय स्तर पर बनी नई पीढ़ी की मिनी कंट्रीमैन सी और ब्रांड की लाइफस्टाइल और मोटरस्पोर्ट विरासत से प्रेरित नौ खास लिमिटेड-एडिशन मॉडल शामिल हैं। इनमें से तीन एडिशन– मिनी कूपर एस जीपी इंसपायर्ड, मिनी कन्वर्टिबल जॉन कूपर वर्क्स पैक और मिनी कपूर एस विक्टरी एडिशन पहले ही पेश हो चुके हैं और बिक भी चुके हैं। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी हरदीप सिंह बराड़ ने कहा कि साल के बीच में स्थानीय स्तर पर बनी मिनी कंट्रीमैन की पेशकश के साथ हम बिक्री संख्या बढ़ने को लेकर बड़ी उम्मीदें लगा रहे हैं। सिराज/ईएमएस 10जून26