अंतर्राष्ट्रीय
10-Jun-2026


तेहरान,(ईएमएस)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका को कड़े शब्दों में चेतावनी देकर कहा है कि किसी भी प्रकार की धमकी या हमले का उनकी सेनाएं निर्णायक जवाब देंगी। उन्होंने अमेरिका से अपने इलाके से दूर रहने का आग्रह किया, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतान होगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि युद्ध के मैदान में हार के बावजूद, अमेरिका ने हमारे संकल्प की परीक्षा लेने का फैसला किया है। हमारी शक्तिशाली सेनाएं किसी भी हमले या धमकी का मुंहतोड़ जवाब देंगी। अगर आप सुरक्षित रहना चाहते हैं, तब हमारे इलाके से चले जाएं। उन्होंने फ़ारसी खाड़ी के इतिहास का हवाला देकर बाहरी घुसपैठियों के बुरे अंजामों की याद दिलाई। अराघची ने जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र नहीं है, बल्कि ईरान और ओमान के बीच बंटा हुआ है और यह अमेरिकी तटों से हजारों मील दूर है, जिसकी समुद्री सीमाएं बिल्कुल स्पष्ट हैं। उन्होंने विदेशी सेनाओं को चेतावनी दी कि हमारी शक्तिशाली सेनाएं ईरान के हवाई क्षेत्र, जमीन या जलक्षेत्र के किसी भी उल्लंघन के लिए हमेशा सतर्क रहती हैं। उन्होंने कहा कि इलाके के आस-पास मौजूद विदेशी सेनाओं को मानवीय गलतियों, आम हादसों या दोनों तरफ से होने वाली फायरिंग में फंसने का खतरा बना रहता है। इस खतरे को कम करने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि विदेशी सेनाएं जल्द से जल्द उस इलाके से हट जाएं, जो दुश्मन की मौजूदगी के लिए कभी भी अनुकूल नहीं होगा। ईरानी विदेश मंत्री का बयान अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिरने के बाद अमेरिका द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के बाद आया है। सेंटकॉम के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं ने 9 जून को आत्मरक्षा के तहत ईरान पर हमले किए। राष्ट्रपति के आदेश पर, अमेरिकी वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने सटीक निर्देशित हथियारों का इस्तेमाल करते हुए होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों और निगरानी रडार ठिकानों को निशाना बनाया। आशीष दुबे / 10 जून 2026